Wednesday, 2 May, 2007

जनता पर बोझ हैं ये नेता, नौकरशाह और पत्रकार

खबर आई है...
नई दिल्‍ली : केन्‍द्र सरकार के शहरी विकास मंत्रालय ने सर्वोच्‍च न्‍यायालय को बताया है कि करीब 400 राजनेता, नौकरशाह और पत्रकार ऐसे हैं, जिन पर सरकारी बंगलों का 50 करोड़ से अधिक किराये की रकम बकाया है. अधिकतर बकाएदारों को वसूली के लिए नोटिस भेजे जा चुके हैं.
सरकार द्वारा दायर किए गए हलफनामे में जिक्र है कि कांग्रेस के तीन सचिवों पर ही बकाए की रकम 1 करोड़ 10 लाख के आसपास है. जम्‍मू कश्‍मीर सरकार पर नौ लाख, राजस्‍थान और झारखंड सरकार पर 13-13 लाख रुपये बकाया हैं. कांग्रेस और भाजपा की दिल्‍ली शाखाओं को भी सरकारी बंगलों के किराए के एवज में 50 लाख और 19 लाख रुपये की वसूली के नोटिस भेजे गए हैं. भाजपा अध्‍यक्ष राजनाथ सिंह पर 16 लाख से ज्‍यादा और जसवंत सिंह पर लगभग 19 लाख रुपये बकाया हैं. राजमाता गायत्री देवी पर 22 लाख रुपये बकाया हैं.
बकाएदारों की सूची में पूर्व प्रधानमंत्री स्‍व. पीवी नरसिम्‍हा राव का परिवार, कांग्रेस सांसद स्‍व. सुनील दत्‍त का परिवार और बिहार के पूर्व राज्‍यपाल बूटा सिंह शामिल हैं. केपीएस गिल, एमएस बिट्टा, अश्विनी कुमार और एसएस बादल के आवासों को बाजार दर से किराया वसूलने के बाद नियमित कर दिया गया है, लेकिन पिछला बकाया अब तक उन पर बकाया है. भाजपा सांसद अशोक प्रधान पर भी लाखों का किराया बाकी है.
अमर उजाला, दिल्‍ली में आज 2 मई को प्रकाशित.

छिद्रान्‍वेषण...
धन्‍य हैं सभी स्‍वनामधन्‍य बकाएदार. कोटि-कोटि प्रणाम उनको जो देश के लाखों-करोड़ो करदाताओं को डरा-धमकाकर वसूली करवाते हैं, और खुद देश का पचास करोड़ का राजस्‍व दबाए हुए हैं. वह भी ऐसी स्थिति में जबकि महानुभावों को काफी कम किराए पर सरकारी बंगले दिए जाते हैं. इनमें लगभग सभी करोड़ों-अरबों की संपत्ति के मालिक हैं. अधिकांश के विदेशी बैंकों में करोड़ों की रकम जमा है. मगर किराया चुकाने का किसी का मन नहीं करता. चाहे राजनेता हों या नौकरशाह, या फिर पत्रकार. ये सभी इस देश की आम जनता के सीने पर बोझ की मानिंद हैं. हमारी जनता में इतनी जागरुकता कब आएगी कि ऐसे लोग खुद अपनी जवाबदेही समझने लगें.

5 खबर का असर:

अनुनाद सिंह said...

भगवान करे कि उच्चतम् न्यायालय की गाज इन पर गिरे और जनता का पैसा सरकारी कोष में आकर जनता के काम में लगे।

यशवंत प्रकाश said...

कांग्रेस की खुद की सरकार है. कांग्रेस के ही तीन पदाधिकारियों पर एक करोड़ से ज्‍यादा बकाया. कांग्रेस के दिल्‍ली शाखा के कार्यालय का किराया भी बकाया. कांग्रेस के पूर्व प्रधानमंत्री व पूर्व मंत्रियों का बकाया. कांग्रेस के सांसदों व बडे़ नेताओं का बकाया.

वाह वाह खबरफरोश

Shrish said...

हिन्दी चिट्ठाजगत में आपका स्वागत है खबरफरोश जी। नियमित लेखन हेतु मेरी तरफ से शुभकामनाएं।

नए चिट्ठाकारों के स्वागत पृष्ठ पर अवश्य जाएं।

ई-पंडित

dhurvirodhi said...

स्वागत है खबर फरोश जी;
हम आपके फर्राशखाने में लगतार आते रहेंगे.

Anonymous said...

आपका सुपाठ्य और सुरुचिपूर्ण चिट्‍ठा पढकर बहुत आनंद आया. लिखते रहें !

शास्त्री जे सी फिलिप
सारथी (www.IICET.Com)

ना काहू से दोस्‍ती, ना काहू से बैर

अपन को तो खबर से मतलब है. कहीं से भी आए, मगर उसमें गूदा होना चाहिए.